मल्हीपुर रोड स्थित गैस गोदाम पर हंगामा करते लोग
सहारनपुर। घरेलू गैस सिलिंडर को लेकर मारामारी का माहौल है। गोदामों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग रही है। शनिवार को मल्हीपुर रोड स्थित एक गैस गोदाम पर दोपहर बाद जमकर हंगामा हुआ। उपभोक्ताओं ने सिलिंडर न देने का आरोप लगाया। गैस एजेंसी के मालिक से बहस का वीडियो वायरल हुआ।
गोदाम पर सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही। दोपहर बाद गैस सिलिंडर लेने को लेकर अचानक से एजेंसी मालिक और उपभोक्ताओं में बहस हो गई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह तेज धूप में सिलिंडर लेने के लिए लगे हैं। गैस बुक होने के बाद भी उन्हें गैस सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। वहीं, गोदाम के मालिक विनोद तेजियान लोगों को समझाने लगे। इसी दौरान उनकी उपभोक्ताओं के साथ बहस हुई।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला लाभार्थियों को वर्ष में आठ सिलिंडर मिलते हैं। उन्हें 45 दिनों में गैस सिलिंडर मिलने का प्रावधान है। इस पर उपभोक्ताओं ने गैस बुक होने की बात कही। उपभोक्ताओं का कहना था कि जब गैस बुक हो गई है तो उन्हें सिलिंडर क्यों नहीं दिया रहा है। विनोद तेजयान ने बताया कि उनकी एजेंसी पर कुल 16 हजार उपभोक्ता पंजीकृत हैं। अभी तक इस माह चार हजार सिलिंडर की ही आपूर्ति हुई है। जैसे-जैसे सिलिंडर प्राप्त हो रहे हैं तो उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जा रही है।