किसानों के विरोध के बीच रेलवे माल गलियारे का निर्माण शुरू
नागल (सहारनपुर)। भाकियू तोमर कार्यकर्ताओं के विरोध के बावजूद एसडीएम देवबंद दीपक कुमार और सीओ रामकरण सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ रेलवे माल गलियारा का निर्माण शुरू करा दिया। उधर, निर्माण की सूचना के बाद भाकियू तोमर कार्यकर्ताओं ने भी कार्य स्थल पर धरना शुरू कर दिया है।
बता दें कि पिछले करीब एक वर्ष से किसानों को अपने खेत में जाने के लिए चकरोड बहाली एवं सेतु परियोजना में किसानों की जमीन का आवासीय मुआवजा देने की मांग को लेकर भाकियू तोमर कार्यकर्ता सेतु निर्माण एवं माल गलियारे का कार्य रोक धरना प्रदर्शन कर रहे थे। संगठन द्वारा तीन महीने तक अनिश्चित काल धरना प्रदर्शन किया गया था। जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन देकर धरना खत्म करा दिया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे एसडीएम व सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एवं निर्माण कार्य शुरू करा दिया था।
निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना पर भाकियू तोमर कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और निर्माण स्थल से कुछ दूरी पर दरी बिछाकर बैठ गए। हालांकि उन्होंने निर्माण कार्य का कोई विरोध नहीं किया। संगठन के मंडल अध्यक्ष चौधरी बिरेंदर सिंह ने कहा कि प्रशासन ने उनके साथ वादाखिलाफी की है। वह शांतिपूर्ण रूप से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। किसानों में मुख्य रूप से बिरम सिंह, जितेंद्र सिंह, चंद्रपाल, मधुसूदन, अनिल स्वामी, जगदीश वालिया, सुलेमान, संजय चौधरी, सतपाल सिंह, अर्जुन वालिया, निखिल त्यागी, मोना सैनी आदि किसान मौजूद रहे।