देवबंद में मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा निकालते कांग्रेसी। संवाद
देवबंद। मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेसियों ने शुक्रवार को मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा निकाली। इस दौरान नेताओं ने मांगे पूरी न होने पर आगामी 17 फरवरी को विधानसभा का घेराव किए जाने की चेतावनी दी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता राहत खलील के आवास से शुरु हुई मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा नगर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंची। नेताओं ने लोगों को मनरेगा योजना के बारे में बताते हुए जागरुक किया। जिलाध्यक्ष संदीप राणा ने कहा कि मोदी सरकार मनरेगा योजना का नाम बदलकर इसका अस्तित्व समाप्त कर देना चाहती है। इसके विरोध में शुरु की गई मनरेगा संग्राम पदयात्रा लगातार जारी रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से योजना का नाम बदलने के बजाए मनरेगा में कार्य करने वाले मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने की मांग की। राहत खलील ने कहा कि यदि हमारी मांगे नहीं मानी गई तो आगामी 17 तारीख को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर डॉ. शाजिया जीनत नाज, अब्दुल्ला कुरैशी, सपना सोम, शाह आलम, अकरम सिद्दीकी, रिहान अहमद कुरैशी, राजपाल कर्णवाल, औसाफ, अनस, नबील आदि मौजूद रहे।