सरसावा (सहारनपुर)। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पटाखा फैक्टरी विस्फोट में मारे गए पांच युवकों के परिजनों से मिलकर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने मृतक तथा घायल युवकों के परिजनों को ढांढस बंधाया।
शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बेहट विधायक उमर अली खान के नेतृत्व में पूर्व मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी, मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, प्रदेश सचिव मांगेराम कश्यप तथा सहारनपुर महानगर अध्यक्ष आजम शाह सरसावा क्षेत्र के ग्राम बलवंतपुर पहुंचे। जहां उन्होंने पटाखा फैक्टरी विस्फोट में मारे गए कार्तिक एवं सागर के परिजनों से बात की। प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम सलेमपुर में पटाखा फैक्टरी मालिक राहुल उर्फ जोनी, वर्धनपाल तथा सुमित के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने पीजीआई में उपचार करा रहे वंश के परिजनों से मिल कर उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पूर्व मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी ने बताया कि सपा का उद्देश्य है कि पीड़ित परिवारजनों को अपेक्षित मुआवजा मिले। जबकि प्रदेश की भाजपा सरकार ने केवल दो लाख रुपये मुआवजा देकर मजाक बनाने का काम किया है। जबकि पटाखा फैक्ट्री मालिक राहुल को मुआवजा ना देकर कृषक बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की बीमा राशि के प्रपत्र दिए गए हैं। वहीं हादसे में घायल हुए विशाल को मात्र 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है, जो नाकाफी है। भाजपा सरकार के स्थानीय जनप्रतिनिधि को चाहिए था कि वे हादसे की स्थिति को देखकर कम से कम 20 से 25 लाख रुपये की सहायता राशि तथा परिजनों को एक-एक सरकारी नौकरी दिलाते।
विधायक उमर अली खान ने कहा कि 23 मई से विधानसभा सत्र आरंभ होने जा रहा है। वे इस मुद्दे को विधान सभा में उठाने का काम करेंगे। साथ ही प्रतिनिधि मंडल द्वारा एकत्र की गई जानकारी की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजेंगे। अशोक बुढेड़ा, राकेश चौधरी, चरण सिंह सैनी, पूर्व प्रधान प्रदीप सैनी, कुलदीप सैनी, संजीव सैनी, संजय धीमान, डॉ. राजीव सैनी, राव इसरार, कमल रोहिला, नवीन टांक, सिराज अहमद आदि रहे।
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट पीड़ितों से मिलता सपा प्रतिनिधिमंडल- फोटो : SAHARANPUR