-स्मार्ट सिटी सहारनपुर के चेयरमैन और मंंडलायुक्त ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के चेयरमैन/मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत संचालित परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता बनाए रखते हुए गति के साथ निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्वीमिंग पूल के निर्माण पर 3.57 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। यह कार्य चार अक्तूबर तक पूर्ण होना है। परियोजना में दो स्वीमिंग पूल बनेंगे, जिनमें बड़ा व्यस्कों के लिए और छोटा बच्चों के लिए, साथ ही महिला और पुरुषों के लिए चेंजिंग रूम भी बनाए जा रहे हैं। मंडलायुक्त ने परियोजना के कार्यों को बारीकी से देखते हुए कार्य चार अक्तूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, साथ ही निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री का सैंपल कार्यस्थल पर उपलब्ध रहना चाहिए। इसके बाद वह अंबाला रोड पर बन रहे हैबिटेट के निर्माण की प्रगति देखने पहुंचे।
यह 46.78 करोड़ की परियोजना है। इसमें पार्किंग के लिए दो बेसमेंट, बैंक्वेट हॉल, कामर्शियल ब्लॉक, फूड ब्लॉक एवं ऑफिस ब्लॉक का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। उक्त भवन पूर्ण रूप से वातानुकूलित होगा। कार्यदायी संस्था द्वारा लैब, ऑफिस निर्माण सामग्री के लिए स्टोर आदि का निर्माण कराया गया है। आरएमसी प्लांट भी स्थापित किया गया है। निर्माण कार्यों को पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 21 जून 2024 है। मंडलायुक्त ने गुणवत्ता के साथ कार्य समय से निपटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, दिनेश सिंघल, शिवेंद्र प्रकाश, संतराम सिंह आदि मौजूद रहे।