गंगोह (सहारनपुर)। गांव की नवनिर्वाचित सरकार के कार्यकाल की समितियों के गठन के साथ ही विधिवत शुरुआत हो गई। एडीओ पंचायत विक्रांत त्यागी ने बताया कि कुल 80 ग्रामों की समितियों का गठन किया गया। पहली बैठक में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए सफाई व सैनिटाइजेशन पर बल दिया गया।
गंगोह ब्लाक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत लखनौती में प्रधान अनीसा चौधरी की अध्यक्षता और ग्राम पंचायत सचिव विक्रांत त्यागी की देखरेख में गठित छह समितियों में से तीन शिक्षा, नियोजन एवं विकास समिति व प्रशासनिक समिति की अध्यक्ष प्रधान अनीसा होंगी, जबकि निर्माण समिति के लिए नीरज, स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति में संयोगिता व जल प्रबंध समिति में दिलशाद अध्यक्ष चुने गए। गांव मोहड़ा में प्रधान राजू उर्फ मिंटू चौधरी की अध्यक्षता व पंचायत सचिव दीपक पुंडीर के संचालन गठित तीन समितियों में प्रधान के अलावा जल प्रबंधन समिति के देशपाल, निर्माण कार्य समिति के अशोक कुमार व स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार चुने गये।
ग्राम धानवा में भी प्रधान बाबूराव की अध्यक्षता व सचिव कीरतपाल सिंह की मौजूदगी में समितियों का गठन किया गया। ग्राम प्रधान बनने के बाद गांव कुंडा कलां में ग्राम सभा की पहली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्राम प्रधान गुलफाम के अलावा 15 में से केवल 5 सदस्य ही पहुंचे। ग्राम सचिव योगेंद्र कुमार ने बताया कि कोरम पूरा नहीं होने के कारण बैठक को स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा की अगली बैठक जल्द बुलाई जाएगी।