सहारनपुर के एमएस कॉलेज मैदान पर भाजपा के प्रबुद्घजन सम्मेलन में बडी माला से मुख्यमंत्री योगी आद?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां शाकंभरी देवी की पावन भूमि पर विकास योजनाओं के बहाने चुनावी शंखनाद कर गए। मोदी विजन को लागू कर निवेश से उद्यमियों को जोड़ने पर फोकस रहा। उन्होंने केंद्र की प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र किया। सहारनपुर में चारों ओर सड़कों तथा बुुनियादी सुविधाओं को भी गिनाया। वहीं, विपक्ष को परिवारवाद और अन्य मुद्दों पर घेरा।
सीएम योगी ने जिले के प्रबुद्धजन सम्मेलन के जरिए चुनाव की नब्ज टटोलने का प्रयास किया। उन्होंने साफ किया कि विकास और सुरक्षा का मुद्दा कामयाबी दिलाएगा। इससे कैराना और कांधला से पलायन खत्म होने तथा देवबंद में एटीएस सेंटर की शुरूआत की गई। विकास के लिए सुरक्षा और अच्छी सरकार चाहिए। कहा, बदले माहौल में अपराधी प्रदेश छोड़ गए हैं और निवेशक आने को लालायित हैं। उद्योग लगेंगे तो युवाओं को रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कहा कि प्रदेश में लोगों ने विधानसभा चुनाव में मोदी विजन के विकास और सुरक्षा को प्रमुखता दी। विकास की दृष्टि से उत्तराखंड और हरियाणा सीमा से सटे सहारनपुर में उद्यमियों के लिए आर्थिक मजबूती की असीमित संभावनाएं हैं। यहां के हस्तशिल्पियों की काष्ठ कला ने वैश्विक पहचान दी है।
सीएम के अंदाज ने लुभाया
सूबे के सीएम का निवेश और सुरक्षा पर जोर रहा। युवाओं, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों और प्रगतिशील किसानों के विकास के विजन की बात हुई। योगी की विनम्रतापूर्वक अपील ने हर किसी को लुभाया। सीएम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में डबल इंजन की सरकार में 45 लाख गरीबों को आवास की सुविधा देने की जिक्र किया। वह यह बताना भी नहीं भूले कि सहारनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ 25 हजार 944 लोगों को मिला है। यहां के एक लाख युवाओं को रोजगार मिला। 18 हजार स्ट्रीट वेंडरों को योजना का लाभ दिया। पीएम के विजन के अनुरूप आर्थिक रूप से मजबूती स्मार्ट सिटी, अमृत योजना, पंडित दीनदयाल योजनांतर्गत कार्य किए हैं।