हारनपुर के पांवधोई नदी से सफाई अभियान का शुभारंभ करते निगम कर्मी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम ने बुधवार को पांवधोई नदी की पटरियों की स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान की शुरूआत नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने की। उन्होंने धोबीघाट पर नदी के भीतर भी सफाई कराई। नदी में डाले जा रहे नालों के पानी के ट्रीटमेंट की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बुधवार सुबह अभियान के तहत सफाईकर्मियों ने दोनों पटरियों पर सफाई की। साथ ही चूना और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। आसपास के मकानों और दुकानों को सैनिटाइज किया गया। धोबीघाट पर पांवधोई नदी में भी पोकलेन मशीन उतारकर सफाई कराई गई। नगरायुक्त ने चिलकाना रोड की ओर से आ रहे नाले का पानी सीधा नदी में गिरते देखा तो नगर निगम के महाप्रबंधक जलकल व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों का पानी बिना उपचार किए नदी में ना डाले जाएं। धोबीघाट पर बने 5.5 एमएलडी के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। जलकल महाप्रबंधक मनोज आर्य ने बताया कि पंपिंग स्टेशन पर सभी उपकरण चालू हैं, लेकिन रात की शिफ्ट में ऑपरेटर न होने के कारण परेशानी हो रही है। तीनों शिफ्ट में इंटर कनेक्ट पंपिंग स्टेशन चलना आवश्यक है। पार्षद भूरा सिंह प्रजापति व पार्षद नंदकिशोर शर्मा ने नगरायुक्त को बताया कि ट्रीटमेंट प्लांट ठीक से काम नहीं कर रहा है। पार्षद टिंकू अरोड़ा व पार्षद प्रतिनिधि नितिन गुप्ता से भी उन्होंने जानकारी ली। इस दौरान सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, सहायक नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुणाल जैन, अमित तोमर, विपिन गुप्ता, मयंक पांडेय, शादाब आदि मौजूद रहे।