सहारनपुर। नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने शुक्रवार को पैरामाउंट कॉलोनी के पार्कों तथा ग्रीन पार्क कॉलोनी में अमृत योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
नगरायुक्त गजल भारद्वाज शुक्रवार की सुबह अपर नगरायुक्त राजेश यादव, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम व अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम के साथ पैरामाउंट कॉलोनी पहुंचीं। उन्होंने कॉलोनी में विकसित किए गए चार पार्कों का निरीक्षण किया। पार्कों में वाल पेंटिंग कराने, टहलने के लिए पाथ-वे बनवाने तथा बच्चों के परंपरागत खेल सांप-सीढ़ी और लूडो के अलावा झूले लगवाने के निर्देश दिए। पार्कों में प्रकाश व्यवस्था और बेहतर करने तथा सजावटी और उपयोगी पौधे लगाने के भी निर्देश दिए। सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने बताया कि पैरामाउंट में एक कम्पोस्टर भी रखा गया है, जिसकी मदद से कॉलोनी के गीले कचरे का निस्तारण करते हुए खाद बनाई जा रही है। इसके बाद नगरायुक्त ने दिल्ली रोड स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी का भी निरीक्षण किया।
कॉलोनी में अमृत योजना से कराए गए कार्य की जांच के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जनमंच की बगल में स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। रैन बसेरे की सीढ़ियों और दीवारों में सीलन को खत्म कराने के लिए निर्माण विभाग को रैन बसेरे की छत बंदी कराने के निर्देश दिए। उखडे़ हुए प्लास्टर को ठीक कराने, शौचालय तथा सीढ़ियों की स्थिति को सुधारने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया।