- सड़क पर आए दिन हो रहे हादसे
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर, चिलकाना। चिलकाना रोड के साइफन पुलिया से बुड्ढाखेड़ा होते हुए कलसिया जाने वाली सड़क की हालत अत्यधिक खराब है। इस कारण इस मार्ग पर प्राय दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
साइफन पुलिया से बुड्ढाखेड़ा, गठेड़ा, पैरागपुर, दास्सामाजरा, डिंडोलीखेड़ा, रुहालका, हरीपुर उसंड होते हुए यह सडक कलसिया तक पहुंचती है और स्टेट हाईवे में मिल जाती है। इस सड़क मार्ग से बहुत सारे लोग विकास नगर की तरफ तथा शाकंभरी देवी तक पहुंचते हैं। इस सड़क की हालत अत्यधिक खराब हो चुकी है। सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। जिन पर वाहन तो क्या पैदल चलना भी कठिन हो रहा है। टूटी हुई सड़क के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोग वाहन सहित गड्ढों में गिरकर चोटिल होते रहते हैं। मुख्यमंत्री के गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के अंतर्गत भी इस सड़क के गड्ढे नहीं भरे जा सके थे। ऐसी ही हालत पठेड़ से कांसेपुर जाने वाली सड़क की भी है। इस सड़क में भी बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं, जिस कारण क्षेत्र की जनता परेशान है।
क्षेत्र के संदीप कुमार, अनुज कांबोज, उमेश कुमार, सुमित कांबोज, अंकित कुमार, राहुल वालिया, डा. प्रवीण, नवाब अली आदि ने जिलाधिकारी सहारनपुर, सांसद प्रदीप चौधरी तथा विधायक मुकेश चौधरी से साइफन पुलिया से कलसिया तक जाने वाली सडक का निर्माण अविलंब कराए जाने की मांग की है।
वर्जन- सड़क के नवीनीकरण का प्रस्ताव लखनऊ भेजा गया है। शासन से मंजूर होते ही टेंडर छोड़ कर कार्य शुरु करा दिया जाएगा। - आरके सिंह, अधिशासी अभियंता खंड तीन लोनिवि सहारनपुर