- वाहन में चालक सहित बैठ सकेंगे छह यात्री, 50 प्रति यात्री किराया
- बुजुर्ग, दिव्यांग, गर्भवती महिला, बीमार और बच्चों को मिलेगी खासी राहत
- रेलवे स्टेशन पर स्केनर मशीन से आगे सेल्फी प्वाइंट के पास खड़ा होगा वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ए श्रेणी के रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को एक और सुविधा मिलेगी। रेलवे स्टेशन पर जल्द ही बैटरी संचालित वाहन दौड़ता नजर आएगा। वाहन में एक साथ चालक सहित छह यात्री बैठ सकेंगे। एक यात्री का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। दिव्यांग, बुजुर्ग, गर्भवती महिला और बीमार भी आसानी से कोच तक पहुंचेंगे।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन से अप-डाउन में करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है। इनमें दो लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं। इसलिए स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को लेकर लगातार काम किए जा रहे हैं। हाल ही में नई लिफ्ट के लिए 20-20 मीटर के दो लंबे गर्डर रखे गए थे, ताकि यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में कोई परेशानी न हो। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार और गर्भवती महिलाओं को होती है। उन्हें कुली की मदद लेनी पड़ती है। लेकिन, अब रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही एक और नई सुविधा मिलने जा रही है।
बैटरी संचालित वाहन के लिए ठेका हो गया है। सहारनपुर को एक बैटरी संचालित वाहन मिलेगा, जो रेलवे स्टेशन परिसर में स्केनर मशीन से आगे सेल्फी प्वाइंट के पास खड़ा होगा। यहीं से वाहन संचालित किया जाएगा। रेलवे ने एक यात्री का 50 रुपये किराया निर्धारित किया है। अगर पांच यात्रियों ने पूरे वाहन की सुविधा लेनी है तो उसे 250 रुपये चुकाने होंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही रेलवे स्टेशन पर बैटरी संचालित वाहन दौड़ता नजर आएगा।
- वर्जन
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। यहां जल्द ही एक बैटरी संचालित वाहन चलेगा, जो यात्रियों को उनके कोच तक पहुंचाएगा। बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग यात्री भी आसानी से कोच तक पहुंचेंगे। इसका किराया प्रति यात्री 50 रुपये निर्धारित किया गया है। - नवीन कुमार, सीनियर डीसीएम, अंबाला मंडल