सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स का निरीक्षण प्रस्तावित था। इसके लिए स्टेडियम में दो दिन से तैयारियां चल रही थी। स्टेडियम में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के पास बनाए गए थे। बुधवार को सुबह से ही पुलिस फोर्स तैनात थी। स्टेडियम के भीतर टेंट लगे थे और रास्तों पर मैट बिछाई गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने अचानक स्टेडियम नहीं जाने का निर्णय लिया।
डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया के तहत सात करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक रनिंग ट्रैक तैयार किया गया है। यह निर्माण एजेंसी से अभी खेल विभाग को हस्तांतरित होना बाकी है। इसके अलावा स्मार्ट सिटी योजना के तहत जिम आदि का निर्माण कराया जा रहा है। चाहर दीवारी का सुंदरीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। मुख्य द्वार भी नया बनाया गया है। बुधवार को सहारनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यहां का निरीक्षण भी तय था। इसके लिए एक दिन पहले यानी मंगलवार को स्टेडियम में अभियान चलाकर सफाई कराई गई। ट्रैक को भी धुलवाया गया। खेल अधिकारियों के साथ ही स्टेडियम के स्टाफ और खिलाड़ियों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए पास जारी किए गए थे। मंगलवार की रात ही में टैंट और अन्य व्यवस्थाएं स्टेडियम में कर दी गई थी। बुधवार की सुबह भारी पुलिस बल स्टेडियम में तैनात कर दिया गया। किसी भी बिना पास वाले व्यक्ति को स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था। अनुमान था कि मुख्यमंत्री पुलिसलाइन से बैठक करने के बाद सीधे स्टेडियम पहुंचेंगे। लेकिन मुख्यमंत्री दोपहर 12:34 बजे स्टेडियम से सटे नगर निगम परिसर तो पहुंचे, लेकिन उन्होंने स्टेडियम जाना निरस्त कर दिया। चर्चा रही कि सुरक्षा कारणों से मुख्यमंत्री स्टेडियम नहीं पहुंचे हैं। उधर, मुख्यमंत्री के स्टेडियम नहीं जाने से वहां के अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों को मायूसी हाथ लगी।