25 लाख की लाटरी का झांसा देकर 51 हजार की ठगी
नकुड़। फोन पर 25 लाख की लाटरी निकलने का झांसा देकर ठगों ने महिला से 51 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शनिवार को परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची मोहल्ला सुजातपुरा निवासी सीमा पत्नी प्रदीप कुमार ने बताया कि बीते छह जनवरी की रात करीब दस बजे उसके फोन पर कॉल आई। कॉलर ने कहा कि कौन बनेगा करोड़पति की ओर से उसकी 25 लाख रुपए की लाटरी निकली है। साथ ही लाटरी की रकम लेने के लिए उसे कुछ कागजी कार्रवाई पूरी करनी होगी। महिला ने बताया कि सात जनवरी की सुबह उसके पास दोबारा फोन आया। कॉलर ने एक बैंक अकाउंट नंबर देकर उसमें 16 हजार रुपए डलवाने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि उसने आरोपी के झांसे में आकर उस खाते में 16 हजार रुपए डाल दिए। इसके बाद दूसरे नंबर से फोन आया और उसने एक अन्य बैंक खाते का नंबर देकर उसमें 35 हजार रुपए डलवाने की बात कही। पीड़िता ने यह बात अपने पति प्रदीप को बताई और 35 हजार रुपए की मांग की। इसपर पति ने उसे मना कर दिया। लेकिन आरोपी ने महिला को अपनी बातों से इस कदर प्रभावित किया कि उसने पति से जिद कर दूसरे खाते में भी 35 हजार रुपए डलवा दिए। पीड़िता ने बताया कि अगले दिन फिर फोन आया और आरोपी ने इनकम टैक्स के नाम पर 51 हजार रुपए बैंक खाते में डलवाने की बात कही। इसके बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद फोन पर महिला ने आरोपी कॉलर से अपने रुपए वापस करने की बात कही। इसके बाद भी आरोपी पीड़िता पर खाते में बकाया पैसा डलवाने के लिए दबाव बनाता रहा। पीड़िता महिला शनिवार को अपने पति व अन्य परिजनों को साथ लेकर कोतवाली पहुंची और कॉलर का फोन नंबर व खाता नंबर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल ने बताया कि महिला द्वारा दिए गए नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। फोन नंबर बिहार के हैं।