सहारनपुर। ऑनलाइन शॉपिंग करने पर एक महिला के साथ 36 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। महिला का बैंक खाता पूछकर उसके खाते से 36 हजार रुपये निकाल लिए गए। महिला ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड निवासी पारुल के अनुसार उसने लखनऊ स्थित एक कंपनी से ऑनलाइन सामान बुक कराया था। जिसके बाद उसके फोन पर एक कॉल आई और फोन करने वाले ने कहा कि इस सामान की डिलीवरी नहीं हो सकती। वह अपना आर्डर कैंसिल करा लें। जब उन्होंने सामान बुकिंग के लिए जमा कराई गए पैसे वापस करने के लिए कहा तो दूसरी ओर से कस्टमर केयर से बात करने के लिए कहा गया। जब तक उसने कस्टमर केयर के बताए गए नंबर पर बात की तब तक उसके खाते से तीन बार में 36 हजार कट गए और मोबाइल फोन पर मैसेज आ गया। जिस पर उसने अपना खाता ब्लॉक करा दिया।
जब फोन कॉल करने वाली की आईडी का पता किया गया तो आईडी पश्चिम बंगाल के हिंडला विहार के पथरवा निवासी जाकिर हुसैन के नाम से मिली। जिस पर जाकिर हुसैन के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सदर कोतवाली निरीक्षक पंकज पंत का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।