- 10 दिसंबर को होगा रथयात्रा के पहले चरण का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। चौधरी चरण सिंह संदेश रथयात्रा को सफल बनाने के लिए रालोद खेल प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व्यापक जनसंपर्क में जुटे हैं। देहात से लेकर महानगर तक में रथ यात्रा को लेकर समर्थन जुटाया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को जेल चुंगी पर चलाए गए जनसंपर्क में रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि रथयात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी है। यात्रा को सुुचारू बनाने के लिए 100 वालेंटियर व्यवस्था देखेंगे। उन्होंने कहा कि 10 दिसंबर को माता शाकंभरी देवी के दर्शन कर सहारनपुर के हकीकत नगर रामलीला ग्राउंड से दोपहर 12 बजे रथयात्रा प्रारंभ होगी। इसे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस भी जिले में रथयात्रा जाएगी वहीं कुश्ती, कबड्डी, शूटिंग आदि खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। रथयात्रा के दौरान 11 जिलों में लगभग 400 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रथयात्रा के पहले चरण का समापन 23 दिसंबर को नई दिल्ली के किसान घाट पर होगा। दूसरे चरण में रथयात्रा उत्तराखंड जाएगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष रिंकू सोनकर, अरविंद मलिक, नरेन्द्र सिरोही, कमल सोनकर, प्रदीप राणा, सोनू गुर्जर, नीरज कश्यप,रोहित आदि मौजूद रहे।