सहारनपुर। थानों में मानकों के अनुरूप प्रभारियों की तैनाती के बारे में डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी के निर्देश से कुछ सप्ताह पहले ही जिले में कई थाना प्रभारियों के साथ ही 56 उप निरीक्षकों को इधर से उधर किया जा चुका है। यहां भी कुछ थाना प्रभारी अवैध खनन से लेकर अन्य मामलों में विवादों में रहे, जिन्हें हटाकर दूसरे कार्य स्थलों पर भेजा गया। फिलहाल जिले के थानों में प्रभारियों की तैनाती रैंक के अनुरूप ही है।
जिले में अवैध खनन को लेकर शिकायतें, अपराध नियंत्रण में ढिलाई, विवेचना में पक्षपात और अन्य अनियमितताओं के विवादों के बीच कुछ थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए। थाना चिलकाना से सरसावा में तैनाती पाने वाले अमित शर्मा को अवैध खनन के मामले को लेकर की गई शिकायतों के बाद यहां से हटाया गया था। इसके बाद नानौता में तैनात रहे प्रवीण कुमार को चार्ज दिया गया। थाना गागलहेड़ी और फिर मंडी कोतवाली में तैनात रहे आदेश त्यागी को भी विवेचनाओं से जुड़े कुछ विवादों के बाद हटाया गया। अब गागलहेड़ी में उपनिरीक्षक से निरीक्षक का ओहदा पा चुके भानू प्रताप तैनात हैं जबकि मंडी कोतवाली का प्रभार निरीक्षक ब्रिजेंद्र सिंह रावत देख रहे हैं। इनके अलावा मिर्जापुर थाने में तैनात रहे उपनिरीक्षक विरेश पाल गिरी को अब नानौता थाने में भेज दिया गया है।
----------
जिले में कुछ थाने तो छोटे मगर रैंक बड़ी
- तीतरो, बड़गांव और चिलकाना थाना ऐसे हैं जो जिले के अन्य थानों के मुकाबले परिसर से लेकर क्षेत्रफल स्तर पर भी छोटे हैं। इसके बावजूद ये थाने निरीक्षक स्तर के हैं। फिलहाल तीतरो में निरीक्षक छोटे सिंह, चिलकाना में बबलू सिंह वर्मा और बड़गांव में निरीक्षक रणवीर सिंह तैनात हैं।
------
सभी थानों में तैनाती मानकों के अनुरूप : एसएसपी
- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चनप्पा के मुताबिक जब उन्होंने यहां चार्ज लिया था। तब कुछ थानों में प्रभारियों की तैनाती में गड़बड़ी थी। जहां अनियमितताएं और विवाद थे, वहां भी प्रभारियों को बदला गया। अब सभी थानों में मानकों के अनुरूप ही तैनाती है।