शाकंभरी (सहारनपुर)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विख्यात धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में वर्ष में लगने वाला तीसरा बड़ा चैत्र नवरात्र मेला 9 अप्रैल से शुरू हो रहा है। मंदिर व्यवस्थापक राणा परिवार मेले की तैयारियाें में जुटा है। उधर, पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था का पूरा प्लान तैयार कर लिया है।
प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्र में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने के अनुमान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सिद्धपीठ में स्थित थाना मिर्जापुर पुलिस चौकी के इंचार्ज ने बताया, कि सुरक्षा के लिए 45 सब इंस्पेक्टर, 14 महिला सब इंस्पेक्टर, 63 हेड कांस्टेबल, 132 कांस्टेबल, 50 महिला कांस्टेबल, 20 होमगार्ड, एक एपी गार्द, एक प्लाटून पीएसी, दो फायर बिग्रेड की डिमांड भेजी गई है। जल्द ही फोर्स मिल जाएगा। मंदिर व्यवस्थापक राणा परिवार द्वारा मेले में पथ प्रकाश, 10 अस्थाई शौचालय, प्याऊ, नि:शुल्क औषधि केंद्र, पीए सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, फाइबर ग्लास सेट की व्यवस्था की गई है।
सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी मेला क्षेत्र में नजर
मेला क्षेत्र की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मेला कोतवाली में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। सिद्धपीठ से एक किमी ऊपर बाढ़ चौकी भी स्थापित की जाएगी, जिस पर शिफ्ट वाइज 24 घंटे वायरलेस हैंडसेट एवं आधुनिक टॉर्च के साथ पुलिस के जवानों की ड्यूटी रहेगी, ताकि मौसम खराब होने पर बाढ़ का अलर्ट किया जा सके।