रेलवे स्टेशन पर कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते सीएफटीएम एचएस बाजवा
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। दिल्ली रेलवे बोर्ड से सीएफटीएम (चीफ फ्रेट ट्रेन मैनेजर) ने बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन पर पावर केबिन और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मालगाड़ियों को अधिक से अधिक प्लेटफार्म ट्रैक से निकालने के निर्देश दिए।
ए श्रेणी के रेलवे स्टेशन से अप और डाउन में प्रतिदिन करीब 70 मालगाड़ी गुजरती हैं। इनमें से 60 फीसदी मालगाड़ी को प्लेटफार्म ट्रैक से निकाला जा रहा है, ताकि मालगाड़ी के ड्राइवर को आसानी रहे। बृहस्पतिवार को दिल्ली रेलवे बोर्ड से चीफ फ्रेट ट्रेन मैनेजर एचएस बाजवा शताब्दी एक्सप्रेस से सहारनपुर पहुंचे। उनसे पहले अंबाला मंडल से सड़क मार्ग से सीनियर डीओएम विरेंद्र कादियान आए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले माल गोदाम स्थित पावर केबिन का निरीक्षण किया। यहां मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों से ट्रेनों के संचालन को लेकर जानकारी ली। इसके बाद वह रेलवे स्टेशन पर कंट्रोल रूम में पहुंचे। यहां सीएफटीएम ने स्टेशन अधीक्षक से कॉसन से लेकर कंप्यूटर पर ट्रेनों को अपडेट करना, दूसरे स्टेशन को जानकारी देना आदि के बारे में बारीकी से जाना। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक एके त्यागी, हरीश गुजराल, स्टेशन अधीक्षक खानआलमपुरा यार्ड शिवपाल सिंह आदि मौजूद रहे।