सहारनपुर। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन कुछ राज्यों में रिस्क बेस्ड इंस्पेक्शन करा रहा है। इसके तहत अब इसकी आंच सहारनपुर पहुंच गई है। शुक्रवार को केंद्रीय टीम दिल्ली रोड पर एक दवा कंपनी की जांच करने के लिए पहुंची। इस दौरान औषधि निरीक्षक भी मौजूद रहे। टीम की जांच से दवा कंपनी मालिकों में खलबली मची रही।
दरअसल, गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेज (जीएमपी) के तहत विनिर्माण मानदंडों का अनुपालन करना होता है। इसके तहत सीडीएसओ समय-समय पर फार्मास्युटिकल कंपनियों में जांच कराता है कि दवा का निर्माण हो रहा है तो उसमें सही प्रक्रिया अपनाई जा रही है या नहीं। इन दवा कंपनियों को जीएमपी के नियमों का सख्ती से पालन करना होता है। इसी के तहत शुक्रवार को केंद्रीय टीम सहारनपुर आई। केंद्रीय टीम में नॉर्थ जोन गाजियाबाद के औषधि निरीक्षक अंकुश गुप्ता, असिस्टेंट औषधि निरीक्षक संतोष कुमार सहारनपुर में दिल्ली रोड पर एक दवा कंपनी पर पहुंचकर टीम ने दवा संबंधी दस्तावेजों को खंगाला। इसके अलावा दवा का निर्माण ठीक हो रहा है या नहीं इसकी जांच पड़ताल की।
सेंट्रल की टीम दवा निर्माता फर्मों की जांच करने के लिए सहारनपुर आई है। टीम दस्तावेजों से लेकर प्रोडेक्ट की जांच कर रही है। रिपोर्ट क्या रहेगी, यह तो सेंट्रल की टीम के पास ही गोपनीय रहती है।
- लवकुश प्रसाद, औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग