सहारनपुर के बापूजी कॉलोनी में पत्रकारो से वार्ता करते कैराना भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी
- कैराना सांसद ने प्रेस कांफ्रेंस कर गिनाई सरकार की उपलब्धियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखा है। इस बजट के आधार पर देश तरक्की राह पर और तेजी से आगे बढ़ेगा। बजट विकसित भारत के दृष्टिकोण को देखते हुए पेश किया गया है।
बापूजी नगर स्थित आवास पर पत्रकार वार्ता में सांसद प्रदीप ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास के अपने संकल्प के साथ प्रत्येक वर्ग का उत्थान कर रही है। सरकार ने बजट में युवाओं, किसानों, गरीबों, मध्यम वर्ग के परिवारों, व्यापारियों, उद्यमियों सहित अनेक वर्ग ध्यान रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच की वजह से पूरी दुनिया की नजर भारत पर है। बजट में कई अहम प्रावधान किए गए हैं।
कोरोना काल में भाजपा सरकार ने प्रत्येक वर्ग और व्यक्ति का ध्यान रखा। कोरोना काल में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों की अहम भूमिका रही थी। इसलिए सरकार ने आंगनबाडि़यों और आशाओं के लिए आयुष्मान योजना से लाभांवित करने का निर्णय लिया है। सहारनपुर से दिल्ली तक रेलवे लाइन का दोहरीकरण हुआ है। मालगाड़ी के लिए अलग से ट्रैक बनाया गया है। ताकि यात्री रेलगाड़ियों में लोगों को परेशान न होना पड़े। अब ट्रेनें 120 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही हैं। शामली रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल कर विकसित किया जा रहा है। शामली और सहारनपुर क्षेत्र में कई हाईवे भी बने हैं। सरकार ने गरीबों तक निशुल्क राशन पहुंचाया है। बीते पांच वर्ष में उनके संसदीय क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं। सरकार को हर वर्ग की चिंता है।