सहारनपुर। जिले में जनगणना के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार और सहायक निदेशक आशुतोष ने निरीक्षण किया। इस दौरान 50 कर्मी अनुपस्थित पाए गए। जिनसे जवाब मांगा गया है। दूसरे दिन भी अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, एचएवी इंटर कॉलेज देवबंद, पाइनवुड स्कूल, सरस्वती विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल आदि में कराया जा रहा है। तहसील सहारनपुर में 1441 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को छह मई तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार और नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल ने सभी कर्मियों को गंभीरता से प्रशिक्षण में भाग लेने को कहा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण को गंभीरता से पूरा करने पर उन्हें फील्ड में कोई खास परेशानी नहीं आएगी। वहीं, सहायक नगरायुक्त बिकास धर दुबे ने बताया कि जिन कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करायी उनके विरुद्ध जनगणना अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई के लिए उनके विभागों के विभागाध्यक्षों तथा जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है।