सहारनपुर। महानगर के नौ वार्डों में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से सीसी सड़कें और नालियां बनवाई जाएंगी। नगर निगम ने इन विकास कार्यों को पिछले दिनों हुई बोर्ड बैठक में मंजूरी दी है। यह निर्णय जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों के आधार पर लिया गया है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी बुनियादी ढांचे में सुधार करना है। इनमें सीसी नाले, सीसी सड़कें और एक चाहरदीवारी का निर्माण शामिल है।
वार्ड-43 में बूढ़ीमाई चौक से क्रेगी नाले तक सीसी नाला बनेगा। इसे ढक्कन लगाकर कवर भी किया जाएगा, जिस पर 29.77 लाख रुपये से अधिक खर्च होंगे। इसी वार्ड में जमुना दास स्कूल से बंजारों वाले मरकज तक 24.25 लाख रुपये से सीसी नाला बनाया जाएगा। वार्ड 26 मानकमऊ में नगर निगम की भूमि पर 29.77 लाख रुपये से अधिक की लागत से चाहरदीवारी बनाई जाएगी। वार्ड 56 में खाताखेड़ी के मुख्य रोड पर यूपी वुड क्राफ्ट से सुमइया मस्जिद तक सीसी रोड बनेगी। इस पर 29.79 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी। इसी वार्ड में अरशद के स्टोर से नेशनल हैंडीक्राफ्ट तक करीब 30 लाख रुपये से सीसी रोड का निर्माण होगा।
वार्ड 49 के मोहल्ला मुबारकशाह में अरबी मदरसे के पास होटल से मदरसा जदीद तक सीसी रोड और नाली का निर्माण होगा। इसके लिए 23.38 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसी वार्ड में मुबारकशाह में आबादी मंजिल से गोयल ऑप्टिकल्स तक आरसीसी नाला बनेगा। इस पर 24.48 लाख रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
वार्ड 37 की गिल कॉलोनी में लेन नंबर दो में भी विकास कार्य होंगे। एसपी गुलाटी के मकान से मेडिकल स्टोर तक दोनों साइड में आरसीसी नाला बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए 25.39 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। इन सभी कार्यों से स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
वर्जन
विभिन्न वार्डों में नाली और सड़क के साथ ही शौचालय का निर्माण होना है, जिससे हजारों लोग लाभान्वित होंगे। इन कार्यों के प्रस्ताव पास किए जा चुके हैं। जल्द ही काम शुरू कराए जाएंगे।
- डॉ. अजय कुमार, महापौर