साढ़ौली कदीम। बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही दो महिलाओं को लिफ्ट देकर चालक ने उनसे छह हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद पीड़ित महिलाओं को उतार कर चालक कार सहित फरार हो गया।
सोमवार को कोतवाली बेहट के गांव कांसेपुर निवासी बाला देवी पत्नी बिरमपाल और बीरमवती पत्नी मामचंद पंजाब नैशनल बैंक की कम्बोहमजरा शाखा से अपने खाते से रुपये निकालने पहुंची थी। बाला ने अपने बचत खाते से चार हजार व बीरमवती ने दो हजार रुपये निकाले। महिलाओं के अनुसार वह बैंक से नकदी लेकर कुछ समय बस की प्रतीक्षा में गन्देवड़ चिलकाना मुख्य मार्ग पर शाखा के सामने खड़ी रही। इसी दौरान एक कार उनके पास आकर रुकी। उसमें सवार युवक ने उन्हें लिफ्ट देने की बात कहते हुए चको बस स्टैंड पर उतारने की बात कही। रास्ते में कार चालक ने महिलाओं को आगे चेकिंग की बात कहकर नकदी समेत बैंक पासबुक की थैली ले ली। बाद में चको बस स्टैंड पर थैली देकर दोनों को उतार दिया। कार से उतरने के बाद दोनों महिलाएं अपनी थैली देखने लगी तो थैली में पासबुक तो थी लेकिन नकदी गायब थी। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी गई। पीड़ित बाला के अनुसार उसने पोती की शादी के सामान के लिए उक्त रकम निकाली थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद