सहारनपुर। स्नातक और स्नातकोत्तर की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों द्वारा 13 और 14 अगस्त को कॉलेजों में ऑफर लेटर जमा कराए गए हैं। प्रवेश 17 और 18 अगस्त को होंगे।
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में पहले वर्ष के प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 12 मई को शुरू की गई थी। तब से अनेक मेरिट, वेटिंग लिस्ट और ओपन मेरिट के आधार पर प्रवेश होते आ रहे हैं। इस समय कॉलेजों में 20 से 25 फीसदी सीटें खाली हैं, जिनको भरने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के लिए पोर्टल 11 अगस्त तक खोला गया था। विश्वविद्यालय द्वारा 13 अगस्त को अभ्यर्थियों को ब्लैंक ऑफर लेटर जारी किए गए थे। साथ ही अभ्यर्थियों के लिए भी अपनी इच्छा के और रिक्त सीटों वाले कॉलेजों में 13 और 14 अगस्त को ऑफर लेटर जमा कराने को कहा गया था। ऑफर लेटर 14 अगस्त यानी शुक्रवार की शाम चार बजे तक जमा किए गए।
विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि ऑफर लेटर जमा कराने की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। 17 और 18 अगस्त को प्रवेश होंगे, जिसके लिए सभी कॉलेजों द्वारा तैयारी की जा चुकी है। अभ्यर्थियों को चाहिए कि वह इन दो तिथियों में प्रवेश ले लें। इसके बाद मौका नहीं मिलेगा।