शहीद, जलियांवाला बाग, जनसेवा सहित 14 ट्रेनें फरवरी तक हैं रद्द
लोगों की मांग, रद्द ट्रेनें हो बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोहरे के कारण रेलवे ने दिसंबर से शहीद, जलियांवाला बाग, जनसेवा एक्सप्रेस सहित 14 ट्रेनें फरवरी तक रद्द कर रखी हैं। कोहरा छटने के बाद भी रद्द ट्रेनों को बहाल नहीं किया है। जबकि स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर दी गई। लोगों की मांग है कि रद्द ट्रेनें बहाल होनी चाहिए।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन से अप-डाउन में 140 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं, जिनमें लाखों यात्री सफर करते हैं। कोहरे को देखते हुए रेलवे ने दिसंबर में बनमनखी-अमृतसर जनसेवा, बरौनी-अंबा कैंट एक्सप्रेस, अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस, टाटानगर-अमृतसर जालियांवाला बाग, हरिद्वार-मुंबई लोकमान्य तिलक, कोलकाता-दुर्गियाना एक्सप्रेस को फरवरी तक के लिए रद्द किया था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ है। कभी-कभार ही कोहरा आ रहा है। ऐसे में ट्रेनें बहाल हो जाए तो यात्रियों को काफी राहत मिल जाएगी। अब रेलवे जालंधर सिटी से बनारस और भंठिडा से बनारस के लिए दो स्पेशल ट्रेनें दो फरवरी से चलाने जा रहा है। यह ट्रेनें अप-डाउन में एक-एक चक्कर लगाएगी। चर्च कंपाउंड निवासी गौरव गाबा का कहना है कि ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि रेलवे रद्द ट्रेनों को बहाल कर दें तो काफी राहत मिलेगी।