सहारनपुर। उत्तर रेलवे की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों के चलते कैंसल की गई नौचंदी एक्सप्रेस को आठ से 10 मार्च तक के लिए तीन दिन तक संचालित किया जाएगा ताकि होली पर गंतव्यों को जाने वाले मुसाफिरों को कुछ राहत मिल सके। मगर बाड़मेर ऋषिकेश लिंक एक्सप्रेस के संचालन के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेेगा। यह ट्रेन 18 मार्च तक और कैंसल रहेगी।
वहीं, रोडवेज रीजन में 151 बसों के फेरे बढ़ाने के बाद होली पर दिल्ली, मेरठ, बरेली, लखनऊ, आगरा, कानपुर, कोटा सहित अन्य स्थलों की ओर जाने वाले यात्री इन बसों का सहारा लेने लगे हैं। हालांकि लंबी दूरी के सफर के लिए पर्याप्त ट्रेनें नहीं मिलने से उनकी परेशानी कम नहीं हुई है।
रेलवे के डिप्टी स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार त्यागी ने बताया कि इन दिनों रेलवे की ओर से कई प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इसके चलते ही ट्रेनों के शेड्यूल में लगातार बदलाव हो रहा है। होली के दबाव को देखते हुए ही पूर्व में कैंसल कई ट्रेनों को चलाया जा चुका है और नौचंदी एक्सप्रेस को भी अब चलाया जा रहा है। अन्य ट्रेनों के बारे में अभी सूचना नहीं मिली है।
डबल लाइन से नई ट्रेनों की सौगात भी संभव
उत्तर रेलवे की ओर से देवबंद तक डबल लाइन शुरू करने से कुछ नई ट्रेनों की सौगात भी मिल सकती है। कई सालों के इंतजार के बाद यात्रियों को यह बड़ी राहत मिली है। डबल लाइन से जहां ट्रेनों का टाइम टेबल पटरी पर आएगा। वहीं यात्रियों का सफर काफी आसान हो जाएगा। अभी तक हालात ये रहें हैं कि सहरानपुर से मुजफ्फरनगर या मेरठ तक जाने के दौरान भी एक्सप्रेस से सुपरफास्ट ट्रेन को रास्ते में अन्य ट्रेनों को पासिंग या शंटिंग देने के लिए आधा घंटे से एक या दो घंटे तक रुकना पड़ता था। इसके चलते एक और दो घंटे वाला सफर तीन से चार घंटे तक में पूरा होता रहा है। लेकिन डबल लाइन के बाद अंबाला और दिल्ली डिवीजन की ओर से कुछ नई ट्रेनें चल सकती हैं। ये ट्रेनें जुुलाई माह से नई समय सारिणी के साथ शेड्यूल में आ सकती हैं।