देवबंद (सहारनपुर)।
हथियारबंद बदमाशों ने सहारनपुर - मुजफ्फरनगर हाईवे पर सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंट) और उनके दोस्त का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने कुछ दूरी पर सीए के दोस्त को कार से उतार दिया, लेकिन सीए को कई घंटे तक कार में लेकर घुमाते रहे और परिजनों से 10 लाख रुपये फिरौती भी मांगी। पुलिस की घेराबंदी होने पर बदमाश सीए को छोड़कर भाग गए। पुलिस मामले की जांच करने में लगी है।
सहारनपुर की आवास विकास कॉलोनी निवासी संजय मिश्रा (सीए) अपने साथी बसंत अग्रवाल के साथ कार से दिल्ली से सहारनपुर लौट रहे थे। मंगलवार की रात में करीब 9.30 बजे सीए की कार जैसे ही देवबंद में साखन नहर के समीप पहुंची तो पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने ओवर टेक कर उनकी कार को रोक लिया। हथियारों से आतंकित करके दोनों को अपनी कार में बैठा लिया। कार में बदमाशों की संख्या तीन बताई गई है।
बताया जा रहा है कि बसंत अग्रवाल को तो बदमाशों ने रास्ते में ही कुछ दूर जाकर कार से उतार दिया, लेकिन संजय मिश्रा को साथ ले गए। बाद में उनके परिजनों से 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की। इसी दौरान अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सीओ देवबंद रजनीश उपाध्याय के नेतृत्व में देवबंद, नागल समेत अन्य थानों की पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी करना शुरू कर दिया। गांव सीड़की - नागल के जंगल में पुलिस ने सीए संजय मिश्रा को सकुशल बरामद कर लिया। जबकि बदमाश नहीं मिल पाए।
देवबंद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सीए व उनके साथी की कार मंगलवार की रात में 9.03 बजे पर टोल टैक्स से गुजरी थी। नागल क्षेत्र में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। कार को ओवर टेक करने के बाद बदमाश उनकी कार में बैठ गए तथा कई घंटे तक इधर - उधर घुमाते रहे। वहीं, सीओ देवबंद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।