सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला राघवपुरम में खुद को गोली मारकर घायल करने वाले बुजुर्ग कारोबारी की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। कारोबारी ने मानसिक तनाव में आत्महत्या की, लेकिन वह किस वजह से तनाव में थे, इस बारे में न ही परिजनों को पता है और न पुलिस को जानकारी मिल सकी है।
मोहल्ला राघवपुरम निवासी राधेश्याम गर्ग (78) चावल कारोबारी थे। उनकी मोरगंज बाजार में दुकान है। मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे कारोबारी का पुत्र मनीष उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहंचे थे, जहां परिजनों ने चिकित्सकों को व्यापारी द्वारा खुद को गोली मारने की जानकारी दी थी। सूचना पर कोतवाली मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की थी। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि कारोबारी पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। व्यापारी ने खुद को कमरे में बंद करके लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारी थी। गोली कनपटी से आरपार हो गई थी। कारोबारी को जिला अस्पताल के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कारोबारी के तनाव का कारण न ही परिजनों को पता और न ही पुलिस को जानकारी मिल सकी है।