सहारनपुर। कोरोना काल के दौरान कारोबार ठप होने का झांसा देकर दस लाख रुपये लेकर हड़पने के मामले में अदालत से कारोबारी को जमानत दे दी है। तोता चौक निवासी मनोज कुमार का कोर्ट रोड पर कार्यालय है। तीन वर्ष पूर्व नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी की जान-पहचान हो गई थी। कारोबारी ने मनोज को बताया था कि उसकी बैग बनाने की फैक्टरी है, जो कोरोना काल में ठप हो गई थी, जिससे उसको बड़ी आर्थिक हानि हुई है। कारोबारी ने दस लाख रुपये उधार ले लिए। इसके बदले कारोबारी ने चेक दिए, जो बाउंस हो गए। कई बार रुपये मांगने पर वापस नहीं लौटाए। मनोज ने एक वर्ष पूर्व अतिरिक्त जज एनआईएक्ट की अदालत में अधिवक्ता के माध्यम से केस दायर किया था। अदालत में पेश न होने पर कारोबारी के गैर जमानती वारंट जारी हो गए थे। अब मामले में कारोबारी अदालत में पेश हुआ, जिसे जमानत मिल गई है।