सहारनपुर। रेलवे रोड बस स्टैंड से करीब दो महीने बाद फिर रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो गया है। जिसके बाद यात्रियों को काफी राहत मिली है। अभी तक बसें जेल चुंगी से देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, मेरठ, अलीगढ़, आगरा आदि जनपदों के लिए संचालित हो रही थीं।
स्मार्ट सिटी के तहत घंटाघर से एसएएम इंटर कॉलेज तक निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते करीब दो महीने पहले रेलवे रोड बस स्टैंड से चलने वाली रोडवेज बसों को जेल चुंगी पर स्थानांतरित कर दिया था। बस स्टैंड दूर होने के चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसके साथ ही रोडवेज के राजस्व को भी नुकसान हो रहा था। परिवहन निगम के प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज बशीर ने रोडवेज बसों को रेलवे रोड बस स्टैंड पर लाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिले। जिसके बाद जेल चुंगी से बसों का रेलवे रोड बस स्टैंड से बसों का संचालन किया जा रहा है। जिससे देहरादून, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, लखनऊ आदि जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिली है।