-देहरादून, हरिद्वार व ऋषिकेश जाने वाली बसों का रेलवे रोड से ही होगा संचालन
-परिवहन निगम ने 26 व 27 जून को होने वाली परीक्षा को लेकर लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में 26 और 27 जून को ग्राम पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी एवं समाज कल्याण पर्यवेक्षक की परीक्षा होगी। दोनों दिन सहारनपुर से मुजफ्फरनगर, मेरठ और गौतमबुद्धनगर जाने वाली बसें जेल चुंगी से संचालित होंगी, जबकि देहरादून, हरिद्वार व ऋषिकेश की बसें रेलवे रोड बस अड्डे से ही चलेंगी। परिवहन निगम ने कर्मचारियों का ड्यूटी चार्ट तैयार कर लिया है।
दो दिन चार पालियों में होने वाली परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। 19 केंद्रों पर 37,728 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। दूसरे राज्यों और जिलों से परीक्षा देने के लिए आने वाले अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम भी तैयारी कर रहा है। अभ्यर्थियों की संख्या अधिक है, इसलिए रोडवेज मुजफ्फरनगर, मेरठ और गौतमबुद्धनगर जाने वाली बसों को देहरादून रोड स्थित जेल चुंगी से चलाएगा। क्योंकि, इन जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे।
प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज बशीर ने सहारनपुर डिपो के एआरएम को निर्देश दिए कि वह 100 बसों की व्यवस्था रखें। सहारनपुर से गंगोह, नकुड़ की रात्रि बसों को रोककर जेल चुंगी से चलाया जाएगा, जिससे मार्ग पर अभ्यर्थियों को परेशानी न हो। भंडार अधीक्षक रमेश धारीवाल को जेल चुंगी का प्रभारी बनाया गया है। दो चालक सहित छह कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जो सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ मार्ग की बसों को जेल चुंगी पर रुकवाकर वहीं से संचालन कराएंगे।