सहारनपुर। रेलवे रोड रोडवेज बस स्टैंड पर जाम न लगे, इसको लेकर परिवहन निगम खासा गंभीर है। अभी तक छुटमलपुर डिपो की बस सहारनपुर आकर देहरादून और हरिद्वार जाती थी। इस डिपो की कुछ बसें पहले देहरादून जाने लगी हैं। वहीं से सवारी लेकर सहारनपुर आ रही है।
कुछ दिनों पहले नगर निगम ने रोडवेज की आठ बसों को जब्त कर अपनी गैराज में खड़ा कर दिया था। उसके बाद से परिवहन निगम कोई गलती नहीं कर रहा है। रेलवे रोड रोडवेज बस स्टैंड पर कर्मचारी तैनात करने के साथ ही छुटमलपुर डिपो की कुछ बसों को सीधे देहरादून-हरिद्वार भेजना शुरू कर दिया है। देहरादून और हरिद्वार से चलने के बाद ही यह बसें छुटमलपुर होते हुए सहारनपुर पहुंच रही है। खास बात यह है कि छुटमलपुर डिपो की बसों के नहीं आने से अब जाम के हालात नहीं बन रहे हैं। जब तक डिपो की बसें आती हैं, तब तक रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी बसें निकल जाती है। इससे भीड़ भी ज्यादा नहीं हो रही है।
परिवहन निगम परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि छुटमलपुर डिपो की कुछ बसों को सहारनपुर न लाकर सीधे देहरादून-हरिद्वार भेजा जा रहा है। डिपो एआरएम को निर्देश दिए गए हैं।