सहारनपुर के बेहट में सवारियां लेकर विकासनगर से सहारनपुर के लिए चली सहारनपुर-विकासनगर रूट की निजी बस रविवार को नौगांवा के पास सामने से आ रहे बाइक सवार युवकों को बचाने के दौरान सड़क किनारे खड़े हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार दो युवकों समेत 12 सवारियां घायल हो गई। बस की छत पर सवार लोगों में शामिल दो लोग करंट से झुलस गए। घायलों को बेहट सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से बाइक सवार युवकों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसा रविवार की दोपहर करीब सवा बजे मिर्जापुर-सुंदरपुर रोड पर गांव नौगांवा एवं शाहपुर गाड्ड़ा के बीच घूम पर हुआ। सहारनपुर-विकासनगर रूट की प्राइवेट बस (यूए 07 एच/9518) उत्तराखंड के विकासनगर से सवारियां लेकर सहारनपुर के लिए आ रही थी।
शाहपुर गाड्डा से निकलने पर गांव नौगांवा के पास घूम पर सामने से आ रहे बाइक सवार युवकों को बचाने के दौरान बस बाइक सवार युवकों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़े हाईटेंशन लाइन के पोल से टकरा गई।
बस की टक्कर से पोल टूटकर तारों समेत बस की छत पर गिरे, जिससे छत पर रखे फूस के पुलों में तारों में हुई स्पार्किंग से आग लग गई। छत पर सवार बेहट की फूल कॉलोनी निवासी रिजवान और फिरोज करंट लगने से झुलस गए, जबकि इसी कॉलोनी का इकराम, नौशाद, काला तथा चक अबाबाकरपुर निवासी फैजान एवं जुल्फान समेत करीब दस सवारियां घायल हो गई।
बाइक सवार गांव चक अबाबाकरपुर निवासी अंकुल एवं कल्लू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर थाना मिर्जापुर पुलिस की गाड़ियों से घायलों को बेहट सीएचसी पहुंचाया, जहां से बाइक सवार अंकुल एवं कल्लू को गंभीर हालत के कारण हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।