सहारनपुर जिले के मतदाताओं ने एक बार फिर बंपर वोटिंग की। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार विधानसभा निर्वाचन-2017 के तहत बुधवार को हुए दूसरे चरण के मतदान में जिले में लगभग 73.03 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
आलम यह रहा कि मतदान करने के लिए लोग सुबह से ही कतारों में लग गए थे। अनेक मतदान केंद्रों पर शाम तक मतदान करने वाले आते रहे। नकुड़ में सर्वाधिक 76.21 फीसदी और गंगोह में सबसे कम 70.07 फीसदी मतदान हुआ है।
जिले में कुल 23 लाख 57 हजार 551 मतदाता हैं, जिनमें से करीब 17 लाख ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। उसी का नतीजा रहा कि मतदान 72 फीसदी तक पहुंच सका।
देहात क्षेत्र में सुबह से ही लोग मतदान के लिए बूथों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। यह पहली बार नहीं है, जब जिले की जनता से मतदान करने में रुचि दिखाई है।
वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में जिले का मतदान करने का प्रतिशत करीब 49 प्रतिशत रहा था। 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में जिले का मतदान प्रतिशत 71.8 रहा था, जिसके साथ सहारनपुर प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहा था।
इसके बाद वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में जिले की जनता ने 74 फीसदी मतदान करते हुए सहारनपुर को प्रदेश में पहले नंबर पर ला दिया। इस बार प्रदेश में जिले का कौन सा स्थान रहता है यह तो अंतिम चरण की वोटिंग के बाद ही पता चलेगा।
सुबह सात बजे से नौ बजे तक सातों विधान सभाओं में कुल 12 फीसदी मतदान हो सका था। नौ बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक मतदान प्रतिशत में 15 फीसदी की वृद्घि हुई। यानी करीब 27 फीसदी मतदान हो चुका था।
पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत में सबसे अधिक 22 फीसदी की वृद्घि दर्ज की गई। इस समय तक कुल 49 फीसदी मतदान हो चुका था। दोपहर एक बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान प्रतिशत में 13 फीसदी की वृद्घि हुई। इस समय तक कुल मतदान 62 फीसदी मतदान हो चुका था। तीन से शाम पांच बजे तक मतदान प्रतिशत में सबसे कम मात्र 10 फीसदी की वृद्घि दर्ज की गई।