सहारनपुर। लखनऊ आम महोत्सव में जनपद के भूरा लंगड़ा आम ने प्रथम स्थान पाया है, जबकि उत्कृष्ट आम उत्पादक और आम निर्मित व्यंजन के लिए अलग-अलग श्रेणी में जिले के बागवान को पुरस्कार मिला है। दोनों बागवानाें को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरस्कृत किया।
लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में आयोजित आम महोत्सव में जनपद का भूरा लंगड़ा आम के लिए ग्राम ढकदेवी के बागवान देवेंद्र पंवार को प्रथम पुरस्कार मिला। इसके साथ ही उत्कृष्ट आम उत्पादक और आम निर्मित व्यंजन के लिए ग्राम मरवा बागवान करुण गुरेजा को पुरस्कृत किया गया। देवेंद्र पंवार ने बताया कि उनके 28 से 30 वर्ष आयु के बाग के भूरा लंगड़ा आम का औसत वजन 550 से 600 ग्राम का है। इसमें खासी चमक है और स्वाद भी काफी अच्छा है। इसके चलते उन्हें लखनऊ महोत्सव में प्रथम स्थान मिला है। दो पुरस्कारों से सम्मानित प्रगतिशील बागवान करुण गुरेजा ने बताया कि महोत्सव में वे आम की विभिन्न प्रजातियों के साथ ही आम निर्मित व्यंजन (चटनी और पकोड़ा) के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं।
लखनऊ आम महोत्सव के पहले दिन जनपद के दो बागवानों को मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत किया है। देवेंद्र पंवार के भूरा लंगड़ा आम ने प्रथम स्थान पाया है। करुण गुरेजा को उत्कृष्ट आम उत्पादक और आम निर्मित व्यंजन के लिए पुरस्कृत किया गया है। - गमपाल सिंह, जिला उद्यान अधिकारी