नानौता। यौन शोषण की शिकार युवती की वीडियो वायरल होने व विपक्षियों द्वारा फैसले के दबाव के कारण पीड़िता के भाई ने जहरीला पदार्थ पी लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस व अन्य लोगों पर मामले को निपटाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
नगर निवासी एक युवक की बहन के साथ पड़ोसी युवक द्वारा नशीला पदार्थ खिलाकर यौन शोषण व अश्लील वीडियो बनाकर छह माह तक ब्लैकमेल करते हुए उत्पीड़न किया गया। इस पर पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर दोनों सगे भाइयों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सोमवार की रात्रि में यौन शोषण की शिकार युवती के भाई ने मानसिक दबाव के चलते जहरीला पदार्थ पी लिया। जिसे परिजनों द्वारा सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ थाने पर तहरीर देने के बाद से ही पुलिस व विपक्षियों द्वारा उन पर फैसले का लगातार दबाव बनाया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद युवती को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद युवती को रात्रि 9 बजे तक थाने पर बैठा कर रखा गया। आरोप है कि पीड़िता के भाई को विपक्षियों ने पुलिस के समक्ष ही फैसला करने का दबाव बनाया गया। युवती की अश्लील वीडियो भी वायरल कर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि न्यायालय में बयान देने के बाद युवती ने पूछताछ में अपने घर जाने को कहा था जिस पर उसके परिजनों को बुलाकर युवती को उन्हें सौंप दिया गया था। पुलिस मौजूदगी में किसी ने फैसले का कोई दबाव नहीं बनाया है।