छुटमलपुर। कुंभ नगरी हरिद्वार को पश्चिमी यूपी के विख्यात सिद्धपीठ शाकंभरी देवी से सीधा जोड़ने वाले फतेहपुर कलसिया मार्ग पर गांव मांडुवाला और संसारपुर के जर्जर हो चुके वन वे पुलों की जगह नए पुलों का निर्माण कराया जाएगा। इन पुलों के लिए शासन ने सवा 13.26 रुपये स्वीकृत करते हुए साढ़े छह करोड़ रुपये की धनरशि अवमुक्त कर दी है। पुलों के लिए टेंडर हो चुका है। अगले सप्ताह तक इनके निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
बता दें कि बीस किमी लंबा उक्त मार्ग बेहट तहसील के गांवों की जीवनरेखा के रूप में जाना जाता है। तहसील मुख्यालय के साथ ही यह ब्लाॅक मुजफ्फराबाद मुख्यालय को जोड़ता है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे को दिल्ली यमुनोत्री हाईवे से जोड़ने वाले इस मार्ग पर बड़ी संख्या में खनिज वाहन भी चलते हैं। इस सड़क मार्ग पर गांव मांडुवाला और संसारपुर में बरसाती नदियों पर बने पुल छह दशक से भी अधिक पुराने हैं। ये वन वे होने के कारण जर्जर हो चुके हैं। पुल पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त या खराब होने की दशा में कई कई घंटे जाम लग जाता है। लंबे समय से इनके निर्माण की मांग क्षेत्रीय ग्रामीण करते चले आ रहे थे।
आखिरकार सरकार ने इन पुलों की जगह नए पुलों के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। इसमें मांडुवाला पुल के लिए 593.53 लाख रुपये स्वीकृत कर 296.76 लाख रुपये तथा संसारपुर पुल के लिए 732.72 लाख रुपये स्वीकृत कर 366.36 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं।
दोनों पुलों के टेंडर हो चुके हैं। फर्म के साथ एग्रीमेंट की कार्रवाई अंतिम चरण में है। फरवरी के तीसरे सप्ताह से पुलों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
- धर्मेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग