अधर में लटका पुल निर्माण, बढ़ रही आफत
सहारनपुर। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत पिलखनी में नई रेल लाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा अंबाला हाईवे को पिलखनी से जोड़ने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज भी बनाया जा रहा है। करीब छह महीने से यह ओवरब्रिज अधर में लटका हुआ है। रेलवे क्रासिंग के दोनों साइड का पुल तो बन गया है, लेकिन लाइन के ऊपर का निर्माण नहीं हो पा रहा है।
इस वजह से पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र और अन्य गांवों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि अभी तक पुल के बराबर वाले जिस मार्ग का इस्तेमाल आवागमन में किया जा रहा है, उसमें गहरे गड्ढे हो गए हैं। बरसात के कारण गड्ढ़ों में पानी भरने से परेशानी और बढ़ गई है। इसके अलावा जर्जर मार्ग पर धूल का गुबार रहता है, जिससे वहां से गुजरने वालों को सांस लेना दूभर हो जाता है।
उद्योगों तक वाहन पहुंचने में कठिनाई
रेलवे क्रासिंग के दोनों साइड पुल का निर्माण हो गया है, जिससे साइड मार्ग की चौड़ाई भी कम रह गई है। ऐसे में औद्योगिक क्षेत्र से आने वाले बड़े वाहनों के निकलने में दिक्कत रहती है। यदि सामने से कोई वाहन आ जाता है तो एक साइड के वाहन को रोकना पड़ता है। गड्ढों की वजह से हादसा होने का खतरा भी बना हुआ है।
रेलवे जल्द पूरा कराए पुल निर्माण
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अनुपम गुप्ता और पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी मुकेश शर्मा का कहना है कि इस मार्ग की दुर्दशा के बारे में पहले भी अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बावजूद उद्यमियों की समस्याओं के निदान के लिए अधिकारी गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। वहीं, पिलखनी ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि ब्रह्म सिंह का कहना है कि इस जर्जर मार्ग से आवागमन में खासी दिक्कत हो रही है। रेलवे को जल्द से जल्द लाइन के ऊपर के पुल का भी निर्माण पूरा करना चाहिए।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन बिछाई जा रही है। उसी में ओवरब्रिज का भी निर्माण होना है। निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। - गुरिंदर मोहन सिंह, मंडल रेल प्रबंधक, अंबाला मंडल, रेलवे