संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। भारत-पाकिस्तान के बीच हुए तनाव के बाद तुर्किये और चीन का विरोध शुरू हो गया है। सराफा एसोसिएशन, रायवाला कपड़ा व्यापार मंडल और फल व्यापारियों ने तुर्किये और चीन के सामान का बहिष्कार करने का एलान कर दिया।
आह्वान किया कि पाकिस्तान का सहयोग करने वाले इन देशों के साथ कारोबार का कोई संबंध नहीं रखा जाएगा। व्यापारियों ने रायवाला कपड़ा चौक का नाम सिंदूर चौक करने की घोषणा की।
शुक्रवार दोपहर के समय रायवाला कपड़ा मार्केट में व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने चीन और तुर्किये का पुतला फूंका। व्यापारी समाज ने चीन और तुर्किये से व्यापार न करने की शपथ ली और चौक का नाम सिंदूर चौक करने की घोषणा की। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम नारंग ने कहा कि भारत और पाकिस्तान की जंग में चीन और तुर्किये ने हमारे दुश्मन देश पाकिस्तान का साथ दिया। सभी व्यापारी इसका कड़ा विरोध करते हैं।
भविष्य में दोनों देशों से कोई व्यापारिक संबंध नहीं रखे जाएंगे। भारत सरकार भी दोनों देशों से संबंध खत्म करें। कपिल बजाज, विनोद अनेजा, गुल्लू पांचाल, अंकित कोचर, गगन अरोड़ा, रोहित नारंग, गौरव, दीपक सैनी, सचिन, मोहित छाबड़ा आदि मौजूद रहे।