रामपुर मनिहारान में देहली रोड हाइवे पर जाम लगाते किसान।
- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। कस्बे के बीच से गुजर रहे रेहड़ी रजबहे की सफाई नहीं होने से नाराज भाकियू के जिला उपाध्यक्ष चौधरी जगपाल के नेतृत्व में किसानों ने देहली रोड हाईवे पर सांकेतिक जाम लगाया और सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में किसानों ने खंड विकास कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर धरना देकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को भाकियू के जिला उपाध्यक्ष चौधरी जगपाल के नेतृत्व में किसान नारे बाजी करते हुए देहली रोड शहरी पुल पर पहुंचे। जहां उन्होंने हाईवे के बीचो-बीच जाम लगा दिया और सिंचाई विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चौधरी जगपाल ने कहा कि कस्बे के बीच से गुजर रहे रेहड़ी रजबहे की सफाई न होने से यह रजबहे कूड़े दान में तब्दील होकर रह गया है। उन्होंने कहा कि इसी रजबहे में औद्योगिक इकाइयों का जहरीला पानी भी डाला जाता है, इससे आसपास के वातावरण में हर समय दुर्गंध फैली रहती है। उन्होंने रजबहे की सफाई कराने व उसमें पानी छोड़े जाने की मांग की है। बाद में किसान खंड विकास कार्यालय में मांगों को धरना दिया। किसानों ने खंड विकास अधिकारी एसपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा बाजार में नकली कीट नाशक दवाइयों को धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। बाजार में नकली पेय पदार्थ बेचे जा रहे हैं। पवार कारपोरेशन के अधिकारी किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं। इन सब पर रोक लगाई जाए। इनमें सेवा राम, तीर्थ पॉल, प्रदीप कुमार, शेरपाल राणा, धीरज सिंह, अशोक कुमार आदि रहे।