ट्रांसफार्मर प्रकरण में भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार किसान के बीच धरने पर पहुंचे। उन्होंने कहा किसानों का उत्पीड़न किसी हालत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
लखनौती बिजलीघर से 5 एमवी ट्रांसफार्मर उठा ले जाने को लेकर चल रहे धरने में 16 वें दिन रविवार को भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार का धरने पर पहुंचने के दौरान भव्य स्वागत किया गया।
उन्हें गंगोह स्थित सीएचसी पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से लाद दिया। वहां से ढोल और बाइकों के साथ रैली के रूप में लखनौती, उमरपुर, शकरपुर आदि गांव में होते हुए धरनास्थल पहुंचे। धरने पर बैठे किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा किसी भी सूरत में उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा के सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल समस्या के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों से मिलकर समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। किसानों के खिलाफ दर्ज किए मुकदमों को वापस लेने, सिकंदरपुर में रखे ट्रांसफार्मर को चालू कराने और जेई, एसआई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जैसी मांगें शामिल होंगी।
उन्हाेंने चेतावनी दी यदि किसानों की मांगें नहीं मानी गई तो उग्र आंदोलन से किसान पीछे नहीं हटेंगे। जिलाध्यक्ष चौधरी चरण सिंह, जिला महामंत्री अशोक कुमार, रामपुर के तहसील अध्यक्ष जगपाल सिंह, लखनौती सहकारी समिति के चेयरमैन चौधरी वेदपाल सिंह, ग्राम प्रधान दीपक चौधरी ने भी विचार रखे।
अध्यक्षता बदलू सिंह संचालन विक्रम सिंह ने किया। डा. ओमपाल सिंह, मेहरबान कुरैशी, रुपेंद्र सिंह, अरिवंद चौधरी, सुशील चौधरी, सुबोध कुमार आदि मौजूद रहे।