सहारनपुर। हसनपुर चौक और टेलीफोन एक्सचेंज मार्ग पर खाने की डिलीवरी देने पहुंचे युवक से बाइक सवार बदमाश मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। वारदात को लेकर कोतवाली सदर बाजार और देहात कोतवाली पुलिस बदमाशों को पकड़ने व रिपोर्ट दर्ज करने के बजाए सीमा विवाद में उलझी रही।
वारदात बृहस्पतिवार की शाम हुई। पीड़ित सोहन सिंह ने बताया कि एक वह कंपनी में डिलीवरी मैन के रूप में कार्य करता है। बृहस्पतिवार की शाम वह हसनपुर चौक से एक्सचेंज मार्ग पर स्थित एक मकान में खाने की डिलीवरी देने गया था। लोकेशन जानने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन जेब से बाहर निकाला तो पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। वह घटना के बाद कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की हसनपुर चुंगी पर रिपोर्ट लिखवाने गया, जहां पर चौकी इंचार्ज ने वारदात देहात कोतवाली क्षेत्र की होना बताते हुए उसे गांव रामनगर पुलिस चौकी पर भेज दिया। वह जब देहात कोतवाली की रामनगर पुलिस चौकी पर पहुंचा तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने घटना कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की बताते हुए तहरीर लेने से मना कर दिया। सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी का कहना है कि मामले में पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। वारदात किसी भी क्षेत्र में हुई हो, पुलिस का कार्य तत्काल एफआईआर कर बदमाशों को पकड़ना है। लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है, जिन पुलिसकर्मियों ने तहरीर लेने से मना किया उनकी भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिसकर्मियों पर अभद्रता का आरोप
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव हरौड़ा निवासी मोहम्मद मुर्सलीन ने एक दरोगा पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। मुसर्लीन कहना है कि वह दिव्यांग है। थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में देहरादून रोड पर उसकी डेयरी है। बृहस्पतिवार की सुबह कोरोना कर्फ्यू में मिली छूट के दौरान वह दुकान खोलकर सफाई कर रहा था। आरोप है कि एक दरोगा ने वहां आकर उसके साथ अभद्रता की। पीड़ित ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की।