रामपुर मनिहारान। थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा गुर्जर के पास फाइनेंस कंपनी के रुपये इकट्ठा कर लौट रहे कर्मचारी के साथ बाइक सवार बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये की लूट कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
बिजनौर निवासी विकास सैनी एक फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी है। सोमवार की रात करीब 9 बजे वह गांवों से समूह की महिलाओं से कलेक्शन करके बाइक से लौट रहा था। गांव नन्हेड़ा गुर्जर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया, जब तक वह कुछ समझ पाता तमंचे से आतंकित करते हुए बदमाश उसका बैग छीन ले गए। बैग में डेढ़ लाख रुपये की नकदी थी। पीड़ित ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना पुलिस और सीओ नकुड़ एसएन वैभव पांडे मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मौके पर सीओ को भेजा गया है। वे मामले की जांच कर रहे हैं।