बेहट। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर कलसिया के पास अज्ञात वाहन टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी बेहट में भर्ती कराया, जबकि मृतक के शव को बिना किसी कानूनी कार्रवाई के परिजनों को सौंप दिया।
हादसा बुधवार की शाम साढे़ सात बजे हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर कला निवासी सुमित(22) पुत्र प्रकाश सिंह गांव शेखपुरा निवासी अपने रिश्तेदार अंकित पुत्र मौदा के साथ सहारनपुर की ओर से लौट रहा था। वह जब गांव कलसिया के पास पहुंचे तो किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में सुमित की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सीएचसी बेहट में भर्ती कराया, जहां से पुलिस ने उसे।प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जबकि मृतक के शव को परिजनों के आग्रह पर बिना किसी कानूनी कार्रवाई के उनके सुपुर्द कर दिया।