मंडी तिराहे पर डंपर की चपेट में बाइक सवार की मौत
सहारनपुर। होली पर मंगलवार देर रात मंडी समिति रोड स्थित तिराहे पर एक डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। बाद में पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।
थाना मंडी क्षेत्र के खाताखेड़ी निवासी युवक सुलेमान मंडी समिति रोड पर देर रात पौने ग्यारह बजे बाइक से जा रहा था। जब वह इस रोड पर तिराहे के पास पहुंचा तो आगे मोड़ की ओर से आ रहे डंपर ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में थाना मंडी की पुलिस टीम भी पहुंच गई। टीम ने डंपर के चालक को हिरासत में ले लिया। थाना मंडी प्रभारी बबलू कुमार वर्मा ने बताया कि तिराहे पर मोड़ पर अचानक डंपर आने के बाद यह हादसा हुआ। हिरासत में लिया गया युवक हरियाणा के करनाल का रहने वाला बताया गया है।