- मुजफ्फरनगर स्टेट हाइवे पर हुआ हादसा
नागल। स्टेट हाईवे पर गांव बसेड़ा के निकट अनियंत्रित कार डिवाइडर पार करते हुए बाइक सवारों से जा टकराई। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवकों सहित कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को पुलिस ने अस्पताल भेजा जहां उपचार के दौरान बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
गांव बसेड़ा थाना नागल निवासी राहुल (27) पुत्र रविंदर अपने गांव के ही कन्हैया शर्मा के साथ बुधवार रात 10 बजे नागल से स्टेट हाईवे होते हुए अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के निकट सोफिया इंटरनेशनल स्कूल के पास पहुंचा तो एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए उनकी बाइक से टकरा गई। घटना में बाइक सवार दोनों युवकों के साथ ही कार चालक विक्रांत निवासी बेहड़ा संदल सिंह थाना फतेहपुर जनपद सहारनपुर घायल हो गए। घायलों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां राहुल की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि कन्हैया की हालत भी गंभीर बनी है। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली तो उनमें कोहराम मच गया। राहुल अपने दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।