सहारनपुर बेहट रोड पर भैंसा-बुग्गी और बाइक की टक्कर से दो भाइयों की मौत के बाद घुन्ना गांव में उनके घर पर जमा लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर-बेहट रोड पर देवली के पास शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे भैंसा-बग्गी में पीछे से तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से हुए हादसे में घुन्ना के ग्राम प्रधान के परिवार में से दो भाइयों की मौत हो गई जबकि बाइक पर साथ जा रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए आसपास के ग्रामीणों ने जाम लगाया। परिवार की ओर से बिना पुलिस कार्रवाई के ही दोपहर में दोनों का अंतिम संस्कार कराया। हादसे के समय बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
मां शाकंभरी सिद्धपीठ की ओर जाने वाले सहारनपुर-बेहट मार्ग पर स्थित घुन्ना गांव निवासी और ग्राम प्रधान मिंटू राणा के छोटे भाई पवन कुमार पप्पू का बेटा अभय (22) और उसका छोटा भाई देवराज (18) अपनी मां कोशा को बाइक पर लेकर सहारनपुर रेलवे स्टेशन जा रहे थे।
चंडीगढ़ में बड़े भाई अजय कुमार की आंख के आपरेशन के लिए उसकी मां कोशा को जाना था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव से निकलने के बाद जब उनकी बाइक देवली के पास पहुंची तो तेज गति होने के साथ अचानक संतुलन बिगडने पर बाइक आगे जा रही भैंसा-बग्गी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बग्गी से भैंसा निकलकर भी नीचे गिर गया।
बुग्गी की टक्कर से लगी अंदरूनी चोटों के कारण दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि उनकी मां गंभीर रूप से जख्मी हो गई। मां को शहर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां से उसे चंडीगढ़ हायर सेंटर ले जाया गया।
कुछ राहगीरों और आसपास के लोगों से सूचना मिलने पर घुन्ना गांव से परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। यहां पहले तो बग्गी वाले का विरोध किया गया लेकिन बाद में हालात समझने पर ग्रामीणों ने इसे दुर्घटना मानते हुए न तो पुलिस से कोई कार्रवाई कराई और न ही मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया।
दोपहर बाद दो भाइयों की एक साथ निकली शवयात्रा में सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। गांव के लोगों का कहना है कि ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट होने कारण इस परिवार के दो चिराग बुझा दिए।