उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा के पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किए गए सहारनपुर नगर निगम के जल कल विभाग के अवर अभियंता (जेई) ललित राज शर्मा एक लाख रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल फोन और महंगी गाड़ियां रखने का शौकीन है। हर छह माह में मोबाइल और गाड़ी खरीदना उसकी फितरत में शामिल रहा है। मात्र 45 हजार रुपये वेतन वाले जेई के ये शौक सभी को हैरान करते थे।
ललित राज शर्मा सहारनपुर नगर निगम के जल कल विभाग में वर्ष 2019 से तैनात हैं। शौकीन मिजाज को लेकर वह पहले से ही चर्चा में रहा है। अब पेपर लीक जैसे गंभीर मामले में पकड़े जाने के बाद ललित शर्मा की हकीकत सबके सामने आ गई है। निगम के एक कर्मचारी ने बताया कि वह कर्मचारियों को बताता था कि उसके पास टॉप कंपनी की बाइकें और सभी सीरीज की कारें हैं। वह 40 लाख रुपये कीमत की कार खरीदने वाला था, जिसकी चर्चा वह साथियों से अक्सर करता था।
वहीं ललित के संबंध में जल कल के अभियंताओं से बात करनी चाही तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।