सहारनपुर। मेडिकल कॉलेज में प्रसव के दौरान नवजात की मौत और महिला की हालत बिगड़ने के मामले में भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार के साथ पुलिस लाइन में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद एसएसपी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायती पत्र में अजीत कुमार ने बताया कि पत्नी शीतल को प्रसव पीड़ा होने पर दो सितंबर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। आरोप लगाया था कि भर्ती करने के बाद इलाज में लापरवाही बरती गई। इसके चलते नवजात की मौत हुई। दो से पांच सितंबर तक के संबंधित सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने के साथ ही पत्नी के इलाज से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित कराने की मांग की गई। पीड़ित ने कुछ कर्मचारियों पर अभद्रता करने और चाकू से डराकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा की मांग भी की। इस दौरान सचिन देव, शुभम सैनी, अजीत, मंजू, रूमा, रितु, माया, तनु, शिवानी, अजय, रजनीश, आशीष आदि मौजूद रहे।