नानौता के स्कूल में हंगामा करते भीम आर्मी कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने उच्च प्राथमिक विद्यालय के अध्यापकों पर छात्रों के साथ भेदभाव बरते जाने के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया गया। अध्यापक द्वारा खेद व्यक्त करने पर मामला शांत हो सका।
क्षेत्र के गांव जम्बूगढ़ में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत अध्यापक पर आरोप है कि उनके द्वारा शिक्षण कार्य के दौरान अनुसूचित छात्र छात्राओं को पाठ पढ़ाते हुए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। छात्र छात्राओं का आरोप है कि शिक्षकों द्वारा उनसे शौचालय की सफाई व शौचालय के डब्बे में पानी भी डलवाया जाता है। इस संबंध में अभिभावकों द्वारा भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया। इस पर भीम आर्मी के रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अनिल रावण, आदित्य बावरे, जिला सचिव उदयवीर सिंह, अरुण कुमार के नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ताओं द्वारा विद्यालय में पहुंच हंगामा किया गया। हंगामे की सूचना पर नानौता देहात ग्राम प्रधान पति अनुराग सिंह पुंडीर सहित अन्य ग्रामीण विद्यालय पर पहुंचे और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं व अभिभावकों को समझाने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी अध्यापक द्वारा खेद व्यक्त करने पर मामला शांत हुआ। अनिल रावण ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में ऐसी गलती होती है तो संबंधित अध्यापक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वही आरोपी अध्यापक ने बताया कि उनके द्वारा कोई जाति सूचक शब्द बच्चों को नहीं कहा गया है। अभिभावकों व ग्रामीणों के सम्मान को देखते हुए उन्होंने खेद व्यक्त किया है।